मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के गरोठ क्षेत्र अंतर्गत कोटड़ाबुजुर्ग गांव में आइसक्रीम खाने के बाद 8 बच्चों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत होने पर परिजनों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य बच्चों का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, गांव में बच्चों ने एक ही स्थान से आइसक्रीम खरीदी और खाने के कुछ समय बाद उनकी तबीयत अचानक खराब होने लगी। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर हालत में बच्चों को भवानीमंडी स्थित मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 6 बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है तथा एक बच्चे को उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बीएमओ डॉ. दरबार सिंह चौहान पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में खराब या दूषित आइसक्रीम खाने से बच्चों के बीमार होने की आशंका जताई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आइसक्रीम के सैंपल लिए जाने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और खुले में बिकने वाली खाद्य सामग्री से बचने की अपील की है।

