उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित समुद्र मंथन चौराहे पर मंगलवार दोपहर एक चलती अर्टिगा कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कार में आग की लपटें उठते देख चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
कार स्टार्ट करते ही हुआ शॉर्ट सर्किट; धमाकों से सहमे लोग
नानाखेड़ा थाना पुलिस के अनुसार, बड़नगर तहसील के बाद गांव निवासी राहुल पिता राधेश्याम ट्रैवल्स का काम करते हैं। वह रतलाम से धार्मिक यात्रा पर आए एक परिवार को रिसीव करने के लिए समुद्र मंथन चौराहे पर पहुंचे थे। जैसे ही परिवार के आने पर उन्होंने कार को स्टार्ट किया, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण गाड़ी में आग भड़क उठी। आग लगने के बाद कार में कुछ छोटे धमाके भी हुए, जिससे चौराहे पर आसपास खड़े लोग सहम गए। गनीमत यह रही कि चालक ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
फायर ब्रिगेड ने 15 मिनट में पाया काबू; गाड़ी पूरी तरह खाक
कार में भीषण आग लगने की सूचना मिलते ही नानाखेड़ा थाना पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने करीब 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, तब तक अर्टिगा कार अंदर से पूरी तरह जलकर मलबे में तब्दील हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।















