दमोह, राजेन्द्र तिवारी। मध्यप्रदेश के दमोह जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है। भीषण गर्मी और 45 डिग्री तापमान के बीच 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला अपनी बंद पड़ी पेंशन को शुरू कराने के लिए नंगे पैर सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हो गईं।
मामला बटियागढ़ जनपद क्षेत्र के भिलौनी गांव का है, जहां शोभारानी नाम की बुजुर्ग महिला की पेंशन पिछले एक साल से बंद पड़ी है। बताया जा रहा है कि KYC प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण उन्हें पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पंचायत स्तर पर समस्या का समाधान नहीं होने पर बुजुर्ग महिला को तपती सड़क पर पैदल चलकर जनपद कार्यालय पहुंचना पड़ा।
इस दौरान मानवता की मिसाल भी देखने को मिली। महिला के भतीजे ओमप्रकाश विश्वकर्मा ने अपनी बुजुर्ग बुआ की तकलीफ देखकर अपने जूते उन्हें पहनाए और खुद नंगे पैर चलकर उन्हें कार्यालय तक लेकर पहुंचे।
गौरतलब है कि कलेक्टर द्वारा पंचायत स्तर पर ही KYC प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद बुजुर्ग महिला को परेशान होना पड़ा। घटना के बाद सरकारी व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि मामले में प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

