दमोह, राजेन्द्र तिवारी। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में पुरानी रंजिश के चलते 58 वर्षीय वृद्ध की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना देहात थाना क्षेत्र के खडेरा मोहल्ला की बताई जा रही है, जहां पड़ोसी दंपति ने वृद्ध पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया।


जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 6:30 बजे मृतक मुन्नालाल की बेटी कविता पर पड़ोसी धर्मेंद्र और उसकी पत्नी लक्ष्मी ने हमला कर दिया। बेटी की चीख-पुकार सुनकर जब मुन्नालाल उसे बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने वृद्ध को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और आरोपी धर्मेंद्र मृतक के सीने पर पैर रखकर कुचलता रहा, जिससे मुन्नालाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।


सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले में आरोपी धर्मेंद्र और उसकी पत्नी लक्ष्मी को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।