ग्वालियर। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज का चस्का एक युवक को भारी पड़ गया। ग्वालियर के कबीर आश्रम (थाटीपुर) निवासी आदित्य सिंह सिकरवार ने अपनी कार (MP 07 CC 9452) पर महिला मित्र से गहरे लाल रंग की लिपस्टिक के करीब 3,500 होंठों के निशान (किस प्रिंट) बनवाए और इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने और यातायात पुलिस की नजर में आने के बाद पुलिस अधिकारी सीधे युवक के घर पहुँचे और कार को ज़ब्त कर थाने ले आए।
थाने में थमाया पोछा, कार साफ करने के बाद मिला छुटकारा
गोला का मंदिर यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने बताया कि कार का स्वरूप बदलने और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर यह कार्रवाई की गई: परिवहन विभाग की अनुमति के बिना वाहन का रंग-रूप बदलने और सड़क पर लापरवाही से गाड़ी दौड़ाने पर युवक पर ₹5,500 का चालान ठोका गया। पुलिस ने थाने में युवक को बाल्टी और कपड़ा थमा दिया। जब तक युवक ने कार पर लगे लिपस्टिक के सभी 3,500 निशान खुद पोछकर साफ नहीं किए, तब तक उसे नहीं छोड़ा गया।
5.5 लाख व्यूज मिलते ही बढ़ गया था हौसला
पूछताछ में पेशे से एसी मैकेनिक (AC Mechanic) आदित्य ने बताया कि उसने रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए यह कदम उठाया था। वीडियो पोस्ट करते ही उस पर 5.5 लाख से अधिक व्यूज आ गए थे, जिससे उसका हौसला बढ़ गया। इसके बाद वह लिपस्टिक के निशानों से भरी कार को शहर की सड़कों पर दौड़ाने लगा, जिसे देखकर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे थे। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही उसने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी डीएक्टिवेट कर दिया था, लेकिन फिर भी वह कानूनी कार्रवाई से बच नहीं सका।




