छतरपुर, शिवम सोनी। छतरपुर के चंदनगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड इलाके में शनिवार सुबह एक 22 वर्षीय महिला की अचानक मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतका की पहचान मान्या गुप्ता पत्नी शिवम गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों ने इस अचानक हुई घटना के पीछे साइलेंट अटैक की आशंका जताई है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब छह बजे मान्या ने अपने आठ महीने के मासूम बच्चे को अपने ससुर की गोद में सौंपा और इसके तुरंत बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवार के लोग बिना देर किए उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का कहना है कि उनका आठ महीने का बेटा सुनने में असमर्थ है और उसका इलाज ग्वालियर में चल रहा था। हाल ही में डॉक्टरों द्वारा बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर दी गई जानकारी के बाद से मान्या मानसिक तनाव और गहरे सदमे में थीं। परिवारजनों का मानना है कि इसी मानसिक दबाव और सदमे के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी होगी। वहीं, स्थानीय चिकित्सकों ने भी प्राथमिक अनुमान में साइलेंट अटैक की आशंका जताई है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का अधिकारिक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।