छतरपुर, संदीप यादव। जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेलसी में एक 16 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।


जानकारी के अनुसार रोशनी अहिरवार (16) पुत्री मनोज अहिरवार निवासी ग्राम भेलसी, थाना ईशानगर शुक्रवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। परिजनों के मुताबिक रात में सब कुछ सामान्य था और परिवार के सभी सदस्य सो गए थे।


शनिवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो रोशनी घर के किचन में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। बताया जा रहा है कि सुबह घर का कामकाज शुरू होने पर परिजनों को घटना की जानकारी लगी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही ईशानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। फिलहाल किशोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।