बमीठा/खजुराहो,अशोक नामदेव। खजुराहो रेलवे स्टेशन के पास स्थित खजुराहो हेरिटेज रिसोर्ट में शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। बंदरों के झुंड को भगाने के दौरान एक युवक करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर कॉलोनी निवासी प्रदीप उर्फ रानू रैकवार (27) पिता मोहन लाल रैकवार रिसोर्ट परिसर में घुसे बंदरों के झुंड को भगाने के लिए लोहे का पाइप लेकर दौड़ा। इसी दौरान पाइप पास से गुजर रही 11 केवी हाई वोल्टेज विद्युत लाइन से टकरा गया। तेज करंट लगने से युवक का आधा शरीर बुरी तरह झुलस गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए राजनगर स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।

