दमोह,राजेन्द्र तिवारी। जिले के मगरोन थाना क्षेत्र अंतर्गत कबीरपुर गांव में एक युवक के साथ मारपीट और पत्थर से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में राजकुमार पटेल (लगभग 40 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों के अनुसार आरोपी युवक ने विवाद के दौरान पत्थर पटककर हमला किया, जिससे उनके सिर में गहरा घाव हो गया।


सूचना मिलते ही मगरोन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को शुक्रवार रात इलाज के लिए बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। सिर में गंभीर चोट होने के चलते डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया।


उपचार के बाद परिजन घायल को लेकर मगरोन थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।