बीना, बृजपाल सिंह राजपूत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को बीना नगर पालिका परिषद परिसर में योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षकों द्वारा उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार, कुछ पार्षदों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने योगाभ्यास कर योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
हालांकि नगर पालिका द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कई पार्षद और एल्डरमेन अनुपस्थित रहे, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। नगर पालिका परिषद में गुटबाजी की अटकलें भी तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में सुबह से बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार ने कहा कि स्वस्थ और निरोगी जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। योग को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
योग दिवस कार्यक्रम के उपरांत स्कूली विद्यार्थियों के लिए योग विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।

