छतरपुर,संतोष शिवहरे। छतरपुर जिले के गाड़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम मलका में दबंगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें परिवार के कई लोग घायल हो गए। वहीं बेटी की शादी के लिए रखे जेवर और नकदी भी आरोपियों द्वारा लूटकर ले जाने का आरोप लगाया गया है।


जानकारी के अनुसार ग्राम मलका निवासी राजकुमार अहिरवार, भागीरथ अहिरवार, प्रेमचंद अहिरवार, राहुल अहिरवार, आरती अहिरवार और शीला अहिरवार के साथ शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे गांव के ही तुलाराम अहिरवार, कल्लू अहिरवार और प्रदीप अहिरवार सहित अन्य लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। इस हमले में आरती अहिरवार को सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि राजकुमार अहिरवार के सिर में भी चोट लगी है। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


पीड़ित पक्ष की खुशबू अहिरवार ने बताया कि उसकी बहन आरती की जल्द ही शादी होने वाली थी और शादी के लिए घर में जेवर और नकदी रखी हुई थी। आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट करने के बाद घर में रखे जेवर और पैसे भी लूट लिए। खुशबू के अनुसार जब परिवार के लोग मोबाइल से मारपीट का वीडियो बना रहे थे, तब आरोपियों ने दोनों मोबाइल फोन भी तोड़ दिए, जिनमें घटना के सबूत मौजूद थे।



पीड़ित परिवार का कहना है कि होली से दो दिन पहले उनके भाई को आरोपियों ने अपने दरवाजे पर रोककर वीडियो बनाना शुरू कर दिया था। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज हो गई थी। उसी रंजिश के चलते शुक्रवार सुबह आरोपियों ने घर में घुसकर हमला कर दिया।


परिजनों का आरोप है कि घटना के समय डायल 112 पर फोन किया गया था, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। घायलों की हालत गंभीर होने के कारण परिजन उन्हें सीधे जिला अस्पताल लेकर पहुंच गए।