खड़गपुर, 17 अप्रैल । पश्चिम बंगाल में मतदान जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो रही हैं। इसी कड़ी में खड़गपुर सदर विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष अपना प्रचार अभियान तेज करते हुए टीएमसी पर हमला बोल रहे हैं।

महिला आरक्षण पर मीडिया से बातचीत में दिलीप घोष ने कहा, "प्रधानमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा का वादा किया था और वह पूरा किया गया है। हम पूरे देश की ओर से उन्हें बधाई देना चाहेंगे। आज इसको लेकर खड़गपुर में महिलाओं की रैली होगी। महिलाओं के विकास, सशक्तीकरण और सम्मान के लिए लाए गए इस बिल का जो लोग विरोध कर रहे हैं, महिलाएं और देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। देश के हित में कोई भी बिल जब कानून बनने वाला होता है, तो टीएमसी और कुछ अन्य पार्टियां उसका विरोध करती हैं। लेकिन इस देश की जनता देश के विरोध को बर्दाश्त नहीं करेगी।"

वहीं, खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के दौरान भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, “आज प्रचार का दिन है। लोग आगे आ रहे हैं, अपनी मांगें रख रहे हैं और मुझसे मिल रहे हैं।”

इससे पहले दिलीप घोष ने कहा था, "इस बार पश्चिम बंगाल चुनाव बहुत महत्वपूर्ण हैं, प्रधानमंत्री मोदी खुद नेतृत्व कर रहे हैं। कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, पश्चिम बंगाल में इस बार सत्ता परिवर्तन होगा। ममता बनर्जी ने घुसपैठियों को शरण दी है। भाजपा की सरकार बनते ही घुसपैठियों को बाहर निकाला जाएगा। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, ममता बनर्जी की हालत बिगड़ रही है, इसलिए वह अनाप-शनाप बयान दे रही हैं।"

दिलीप घोष ने कहा था, "कोयला, बालू से लेकर गो-तस्करी तक पश्चिम बंगाल में बड़ी समस्याएं हैं। तस्करी के जरिए हजारों करोड़ रुपए कमाए जाते हैं। हिंसा जैसी घटनाओं के बढ़ने के पीछे भी यही पैसा होता है। ऐसे मामलों में जो भी दोषी है, उन्हें न्याय के कटघरे में लाना चाहिए और सजा मिलनी चाहिए।"