सतना, अंबिका केशरी| सतना जिले के उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां भर्ती एक मरीज ने अस्पताल परिसर में कट्टे से फायर कर दहशत फैला दी। जानकारी के अनुसार, कोठी रमपुरवा निवासी 23 वर्षीय शिवम द्विवेदी कमजोरी के चलते पिछले दो दिनों से अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती था। शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे वार्ड स्टाफ ने उसे बेड पर बैठकर शराब पीते हुए देखा, जिसकी सूचना ड्यूटी डॉक्टर डॉ. दीपक पांडेय को दी गई। डॉक्टर द्वारा शराब पीने से मना करने पर आरोपी भड़क गया और डॉक्टर व वार्ड बॉय के साथ गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद वह अस्पताल के बाहर पहुंचा, बाइक स्टार्ट की और कट्टे से फायर कर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग में ड्यूटी डॉक्टर बाल-बाल बच गए। घटना के बाद डॉक्टर ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुका था।
अस्पताल में दहशत का माहौल
घटना के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और स्टाफ में डर का माहौल बन गया। बीएमओ डॉ. ए. के. राय ने बताया कि आरोपी मरीज पहले भी इलाज के दौरान बीच-बीच में अस्पताल से चला जाता था। शनिवार को अस्पताल प्रबंधन की ओर से उचेहरा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

