भोपाल। मध्य प्रदेश में मार्च के आखिरी सप्ताह में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग भोपाल ने 26 मार्च से प्रदेश में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इसका असर जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग सहित 20 से अधिक जिलों में देखने को मिलेगा।


मौसम विभाग के अनुसार, 26 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव मध्य प्रदेश में भी पड़ेगा। हालांकि वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रदेश पर खास असर नहीं पड़ेगा।


इससे पहले अगले तीन दिनों तक प्रदेश में गर्मी का असर तेज रहेगा। दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। हाल ही में ओले और बारिश का दौर थमने के बाद अधिकांश शहरों में तापमान 32 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जबकि नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री दर्ज किया गया।


बीते चार दिनों में प्रदेश के 45 जिलों में आंधी-बारिश और 17 जिलों में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे केला, पपीता और गेहूं की फसलों को नुकसान हुआ है। प्रभावित किसान अब मुआवजे की मांग कर रहे हैं।


मौसम विभाग ने अप्रैल और मई में भीषण गर्मी की चेतावनी दी है। इस दौरान कई संभागों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। वहीं मार्च महीने में दिन में गर्मी और बीच-बीच में बारिश का ट्रेंड बना हुआ है, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।