गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के मृगवास थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसाहेड़ा पुलिस चौकी एक बार फिर विवादों में आ गई है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने पुलिस विभाग में हलचल मचा दी है। वीडियो में चौकी प्रभारी एएसआई जगदीश जाटव चौकी परिसर के अंदर आपत्तिजनक और अर्धनग्न अवस्था में नजर आ रहे हैं, जिससे विभाग की छवि पर गंभीर सवाल उठे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एएसआई जाटव कथित रूप से नशे की हालत में थे। प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के आधार पर यह आरोप लगाया जा रहा है कि वे चौकी के एक कमरे में इस स्थिति में पाए गए, जहां उन्हें अपने पद और वर्दी की गरिमा का भी ध्यान नहीं रहा। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब संबंधित अधिकारी विवादों में आए हों। ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में भी उनके खिलाफ दबाव बनाने, डराने-धमकाने और कथित अवैध वसूली जैसे आरोप लगते रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद आम जनता में नाराजगी देखी जा रही है और लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने तत्काल एक्शन लेते हुए एएसआई जगदीश जाटव को पुलिस लाइन, गुना अटैच कर दिया है। जारी आदेश में इसे गंभीर अनुशासनहीनता बताते हुए स्पष्ट किया गया है कि चौकी परिसर में इस तरह की स्थिति पुलिस विभाग की गरिमा के खिलाफ है। फिलहाल पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।