गढ़ी मलहरा, मोहम्मद जहिद। शनिवार को स्थानीय सचिन गैरेज में हुए हादसे में दो युवकों की मौत के मामले ने रविवार को तनावपूर्ण रूप ले लिया। मृतक युवकों अरमान खान और गुलाब अनुरागी के परिजनों तथा गांव वालों ने गढ़ी मलहरा तिराहे पर दोनों शव रखकर सड़क जाम कर दिया। इससे तीनों तरफ लंबी-लंबी वाहनों की कतारें लग गईं। भीषण गर्मी में फंसे लोग सड़क किनारे लगी दुकानों के नीचे सर छुपाने को मजबूर हो गए।


जाम खुलवाने के लिए गढ़ी मलहरा-महाराजपुर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और परिवार वालों को हर संभव मदद तथा निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। इसके बावजूद परिजन जाम खोलने को तैयार नहीं हुए और उन्होंने पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। कुछ देर बाद एसडीओपी नौगांव भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिवार वालों को शांत रहने की अपील की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन लोग किसी भी समझौते को मानने को तैयार नहीं थे। जाम की स्थिति घंटों बनी रही और दोपहर तीन बजे तक सड़क पूरी तरह बंद रही।