मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार को स्कूली छात्रों ने स्कूल परिसर से बाहर निकलकर गेट पर हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। छात्र करीब एक घंटे से अधिक समय तक गेट पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे। छात्रों ने स्थानीय अधिकारियों से बातचीत करने से इनकार कर दिया।
छात्रों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर दिव्यांक सिंह खुद मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। कलेक्टर ने बंद कमरे में छात्रों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान छात्रों ने विद्यालय में पानी की समस्या, भोजन की गुणवत्ता और शिक्षकों से संबंधित अन्य समस्याओं को लेकर शिकायतें कीं।
छात्रों ने स्कूल प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी नाराजगी कलेक्टर के सामने रखी। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं का जल्द से जल्द निदान किया जाएगा।














