छतरपुर,विनोद मिश्रा शहर का मंगलवार हाट एक बार फिर अव्यवस्था और अतिक्रमण के कारण आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया। बीते करीब डेढ़ घंटे से हाट क्षेत्र में भीषण जाम की स्थिति बनी रही, जिससे शहर के कई प्रमुख मार्ग पूरी तरह ठप हो गए। बकायन मार्ग, पठापुर रोड, सीताराम कॉलोनी, फौलादी कलम, शिव कॉलोनी और बालाजी पुरम सहित आसपास के इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


हालात इतने बिगड़ गए कि आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती नजर आईं। मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में कठिनाई होने लगी, जिससे लोगों में चिंता और आक्रोश दोनों देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर मंगलवार को यही स्थिति बनती है, और अगर किसी की तबीयत अचानक खराब हो जाए तो समय पर अस्पताल पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है।


हाट बाजार में दुकानदारों द्वारा सड़क तक अतिक्रमण कर दुकानें लगाने और अव्यवस्थित ढंग से व्यापार करने को जाम की मुख्य वजह बताया जा रहा है। इसके अलावा रेत से भरे अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली और सड़कों पर बेतरतीब चल रही टैक्सियों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी रहती है।


नगर पालिका द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। हर सप्ताह दोहराई जाने वाली इस स्थिति से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मंगलवार हाट की व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए, अतिक्रमण पर सख्ती से कार्रवाई हो और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि शहरवासियों को इस जाम से राहत मिल सके।