नौगांव,कमल यादव। छतरपुर जिले के नौगांव शहर के लिए गर्व का क्षण सामने आया है, जहां शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की दो सगी बहनों ने मध्यप्रदेश बोर्ड की प्रवीण सूची में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।


गृह विज्ञान संकाय की छात्रा शाहस्ताह कुरैशी ने 485 अंक हासिल कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि उनकी छोटी बहन शैवाह कुरैशी ने 479 अंक लाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों बहनों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे नौगांव क्षेत्र में खुशी की लहर है।


बताया जा रहा है कि दोनों बहनें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नौगांव में अध्ययनरत हैं और उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। खास बात यह है कि दोनों ने एक ही संकाय में पढ़ाई करते हुए प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी भी संसाधन की मोहताज नहीं होती।


दोनों छात्राएं मौलाना इकरार अहमद की बेटियां हैं। परिवार की ओर से बेटियों की इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया गया है। परिजनों ने बताया कि दोनों बहनें शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही हैं और नियमित मेहनत के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय परिवार ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों छात्राओं को बधाई दी है। स्कूल के शिक्षकों ने कहा कि यह विद्यालय के लिए बेहद गौरवपूर्ण क्षण है और अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी दोनों बहनों की सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस सफलता ने यह भी साबित कर दिया है कि छोटे शहरों और शासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं, यदि उनमें मेहनत और लगन की कमी न हो।