अजयगढ़,मोहम्मद मुस्तकीन । तहसील कार्यालय के समीप बीती रात अचानक भीषण आग लगने से फुटपाथ पर संचालित दो गुमटियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। आग की चपेट में आकर विनोद विश्वकर्मा की ऑनलाइन कंप्यूटर दुकान और नत्थू अहिरवार की किराना दुकान कुछ ही मिनटों में राख में तब्दील हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों दुकानों का अधिकांश सामान जल चुका था।
बताया जा रहा है कि आग लगने से कंप्यूटर, प्रिंटर सहित अन्य मशीनरी और किराना का पूरा सामान नष्ट हो गया, जिससे दोनों दुकानदारों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को बचा लिया गया। इस घटना के बाद दोनों पीड़ितों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

