सागर,जीशान खान। मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। बहेरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ा के पास स्थित पानी से भरी क्रेशर खदान में नहाने के दौरान एक युवक को बचाने की कोशिश में तीन युवक गहरे पानी में समा गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने देर रात तक सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य युवकों की तलाश लगातार जारी है। मृतक की पहचान अभिषेक उर्फ अध्धा (20 वर्ष) निवासी कैंट क्षेत्र के रूप में हुई है। वहीं उसके साथी तनिश कोरी (19 वर्ष) और तेजराम पटेल (20 वर्ष) अब भी लापता हैं।
प्रत्यक्षदर्शी शिवा वाल्मीकि के अनुसार, चारों युवक खदान पर नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान तनिश गहरे पानी में डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए अभिषेक तुरंत कूद गया। जब वह भी डूबने लगा तो तेजराम ने भी पानी में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी खुद को नहीं बचा सका। आयुष नाम का एक अन्य युवक भी मदद के लिए पानी में उतरा, जिसे वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह पैंट के सहारे बाहर खींच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब तक अन्य लोगों को मदद के लिए बुलाया गया, तब तक तीनों युवक पानी में समा चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक प्रदीप लारिया मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

