महाराष्ट्र की सियासत में 'सुनेत्रा' युग की सुगबुगाहट, बन सकती हैं डिप्टी सीएम...!

Advertisement
मुंबई/बारामती | विमान हादसे में अजित पवार के दुखद निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नेतृत्व को लेकर नए समीकरण बनने शुरू हो गए हैं। सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आ रही है कि अजित पवार की पत्नी और वर्तमान राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को राज्य का नया उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। पार्टी के शीर्ष नेताओं ने इस संबंध में हलचल तेज कर दी है और जल्द ही इस पर आधिकारिक निर्णय लिया जा सकता है।
दिग्गज नेताओं की सुनेत्रा पवार से मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और सुनील तटकरे ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात कर भविष्य की रणनीति पर चर्चा की है। अजित पवार की विरासत को आगे ले जाने और बारामती के गढ़ को सुरक्षित रखने के लिए सुनेत्रा पवार को सबसे उपयुक्त उत्तराधिकारी माना जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वे जल्द ही राज्यसभा से इस्तीफा देकर अजित पवार की पारंपरिक सीट बारामती से विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं।
फडणवीस से मुलाकात और 'विलय' की संभावना
एनसीपी (अजित पवार गुट) के वरिष्ठ नेता इस प्रस्ताव को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से जल्द ही मुलाकात करेंगे, ताकि गठबंधन सरकार में स्थिति स्पष्ट की जा सके। वहीं, एक और चौंकाने वाली चर्चा यह है कि अजित पवार के निधन के बाद उपजी सहानुभूति और भावनात्मक लहर के बीच एनसीपी के दोनों गुटों (अजित और शरद पवार गुट) का पुनः विलय हो सकता है। यदि ऐसा होता है, तो यह महाराष्ट्र की राजनीति की सबसे बड़ी घटना होगी।
हादसे के जख्म अब भी ताजा
गौरतलब है कि बुधवार सुबह बारामती एयरपोर्ट पर हुए विमान हादसे ने महाराष्ट्र को हिलाकर रख दिया था। 66 वर्षीय अजित पवार के साथ उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर की जान चली गई थी। राज्य में वर्तमान में 3 दिवसीय राजकीय शोक चल रहा है। शोक की इस घड़ी में पार्टी के भीतर एकजुटता बनाए रखने के लिए नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
