गढ़ी मलहरा, मोहम्मद जाहिद| गढ़ी मलहरा कस्बे में शनिवार रात चोरी की दो घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह रही कि एक वारदात थाना प्रभारी के निवास के पास ही हुई, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया है। पहली घटना में चोरों ने जूनियर हाई स्कूल के रसोईघर का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर और खाद्य सामग्री चोरी कर ली। रसोइया सुनीता चौरसिया के अनुसार, चोर रसोई का लगभग सारा सामान ले गए।
दूसरी घटना में चोर विनोद पचौरी के मकान में घुसा, लेकिन आहट मिलने पर आसपास के लोग जाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया। पकड़ा गया आरोपी पड़ोस का ही युवक विकास चौरसिया निकला, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनकी शिकायत थाने में की गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। गौरतलब है कि हाल ही में अगम जैन ने थाना क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जनसंवाद किया था। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आने से लोगों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ गई हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठ रही है।

