नौगांव,कमल यादव। जिले के मऊ सहानिया बस स्टैंड पर रविवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब मृतक के परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप था कि उनके लड़के को दो युवक घर से बाइक पर अपने साथ ले गए थे और बाद में उसे बस के नीचे फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों को मौके पर बुलाने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
करीब तीन घंटे तक चले इस जाम के दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा और बस स्टैंड पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार रमेश कोल और एसडीओपी अमित मेश्राम भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया और जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी समझाइश और आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त किया गया, जिससे यातायात फिर से सुचारू हो सका।

