अपराधी के कंधे पर सवार दिखे थाना प्रभारी; वीडियो वायरल होने के बाद SP ने TI को किया सस्पेंड

Advertisement
मुरैना। खाकी और अपराधियों के बीच के 'दोस्ताना' रिश्तों की एक शर्मनाक तस्वीर मुरैना के जौरा थाने से सामने आई है। यहाँ थाना प्रभारी (TI) दर्शन लाल शुक्ला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक हिस्ट्रीशीटर बाइक चोर के कंधे पर बैठकर जश्न मनाते दिख रहे हैं। मामला संज्ञान में आते ही एसपी समीर सौरभ ने कड़ा रुख अपनाते हुए टीआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है।
थाने के भीतर अपराधियों के साथ 'बर्थडे सेलिब्रेशन'
पूरा घटनाक्रम 28 फरवरी की रात करीब 9 बजे का है, जब जौरा थाना परिसर में टीआई दर्शन लाल शुक्ला के जन्मदिन का जश्न शुरू हुआ। वीडियो में साफ दिख रहा है कि थाने के भीतर केक काटा जा रहा है और टीआई को मालाएं पहनाई जा रही हैं। इसी दौरान कोतवाली थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और बाइक चोर लवकुश शर्मा वहां पहुँचा। उसने न केवल टीआई को जन्मदिन की बधाई दी, बल्कि उन्हें अपने कंधों पर उठा लिया और पूरे थाना परिसर में नाचते हुए घुमाया। इस दौरान थाने का स्टाफ और अन्य लोग पीछे-पीछे चलते नजर आए।
कौन है लवकुश शर्मा? पुलिस रिकॉर्ड में सरगना
जिस लवकुश शर्मा को टीआई ने अपने कंधे पर बिठाया, उसका आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है:
बाइक चोरी गिरोह का सरगना: 12 जून 2025 को मुरैना सिटी कोतवाली पुलिस ने लवकुश को 18 बाइकें चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था, जिनकी कीमत करीब 13 लाख रुपये थी। पुलिस ने तब उसे अंतरराज्यीय गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया था।
शासकीय कार्य में बाधा: 12 जनवरी 2026 को जमानत पर बाहर आने के बाद लवकुश ने बिजली विभाग के एई पुष्पेंद्र यादव और अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की थी। गौर करने वाली बात यह है कि इस मामले में कार्रवाई खुद टीआई दर्शन लाल शुक्ला के निर्देश पर ही हुई थी।
टीआई की सफाई: "भीड़ में पता नहीं चला, वह हमारा मुखबिर है"
वीडियो वायरल होने के बाद जब टीआई दर्शन लाल शुक्ला से इस संबंध में पूछा गया, तो उन्होंने अजीबोगरीब सफाई दी। उन्होंने कहा कि जन्मदिन की भीड़ में कौन कब आ गया, उन्हें पता ही नहीं चला। टीआई का दावा है कि लवकुश शर्मा उनका 'मुखबिर' है और उसने कई मामलों में पुलिस की मदद की है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह बाइक चोरी जैसे गंभीर मामलों का आरोपी और सरगना है।
एसपी की कार्रवाई और जांच के आदेश
मुरैना एसपी समीर सौरभ ने इस अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए टीआई शुक्ला को सस्पेंड कर दिया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी एडिशनल एसपी सुरेंद्र प्रताप को सौंपी गई है। पुलिस विभाग में इस घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है, क्योंकि यह मामला सीधे तौर पर पुलिस की छवि और अपराधियों के साथ उनकी साठगांठ की ओर इशारा करता है।


