दमोह,राजेन्द्र तिवारी। दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज और शादी में शामिल न होने की बात को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मामला लाठी-डंडों तक पहुंच गया। इस झगड़े में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं।
मामला बटियागढ़ थाना क्षेत्र के करके मोहल्ला का है, जहां गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। जानकारी के अनुसार, राममिलन यादव और विजय यादव ने बताया कि शादी में शामिल न होने की बात को लेकर आपसी कहासुनी हुई, जिसके बाद एक भाई ने दूसरे भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई, जिसमें करीब 6 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए बटियागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर मकबूल खान द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

