छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा कस्बे में महोबा रोड स्थित एक गैराज में शनिवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पानी के टैंक में पेंटिंग का काम कर रहे दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों की पहचान गुलाब अनुरागी (22 वर्ष) और अरमान खान (23 वर्ष) निवासी महाराजपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद जिला अस्पताल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब दोनों के शव 'अकड़ी' हुई हालत में वहां लाए गए। परिजनों ने इस पूरे मामले में साजिश और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।


एक-दूसरे के ऊपर बेहोश मिले युवक, शरीर पड़ा काला

जानकारी के अनुसार, घटना गढ़ीमलहरा निवासी सचिन पटेल के बिल्डिंग गैराज (महोबा रोड) की है। दोपहर करीब 4:30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि दोनों युवक टैंक के अंदर बेहोश पड़े हैं। गैराज मालिक सचिन पटेल दोनों को अपनी गाड़ी से एक प्राईवेट अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को जिला अस्पताल लाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और अस्पताल स्टाफ के मुताबिक, दोनों युवकों के शरीर पूरी तरह अकड़ चुके थे और त्वचा काली पड़ गई थी।


करंट की चपेट में आने की आशंका, शरीर पर झुलसने के निशान

मृतक अरमान के भाई सलमान ने बताया कि अरमान ई-रिक्शा चलाता था और गुलाब डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। दोनों दोस्त थे और गैराज में पानी के टैंक के अंदर उतरकर पुताई (पेंटिंग) का कार्य कर रहे थे। अस्पताल में जांच के दौरान मृतकों के शरीर पर, विशेषकर अरमान के हाथों पर, गंभीर रूप से झुलसने के निशान मिले हैं। शरीर की अकड़न और झुलसने के निशानों से प्राथमिक रूप से यह आशंका जताई जा रही है कि टैंक के अंदर काम करते समय दोनों हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आए होंगे।


परिजनों का आरोप: "एक्सीडेंट बताकर गुमराह किया गया"

मृतक अरमान के भाई सलमान ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पास मोबाइल पर कॉल आया था कि भाई का 'रोड एक्सीडेंट' हो गया है। लेकिन जब वे मौके पर पहुँचे तो हकीकत कुछ और ही थी। परिजनों का कहना है कि उन्हें गुमराह करने की कोशिश की गई है। उन्होंने गैराज मालिक और काम की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम जिला अस्पताल पहुँची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों (करंट या दम घुटना) का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस गैराज मालिक और वहां मौजूद चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है।


बहरहाल एक साथ दो नौजवानों की मौत से महाराजपुर और छतरपुर के महोबा रोड इलाके में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के आरोपों ने मामले को और भी उलझा दिया है, जिसकी सच्चाई अब पुलिस तफ्तीश पर टिकी है।