नई दिल्ली, 9 मई । देश के मशहूर शिक्षक और 'सुपर 30' के संस्थापक आनंद कुमार ने अपने बहुप्रतीक्षित डिजिटल शिक्षा अभियान 'सुपर इन्फिनिटी' को लॉन्च कर दिया है। इस पहल को छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत माना जा रहा है।आनंद कुमार का कहना है कि यह सिर्फ एक ऑनलाइन क्लास प्लेटफॉर्म नहीं है, बल्कि एक ऐसा प्रयास है, जहां गणित को कहानी, एनीमेशन, संगीत और रोजमर्रा की जिंदगी के अनुभवों से जोड़कर पढ़ाया जाएगा। उनका मकसद है कि बच्चे गणित को रटने के बजाय उसे समझें और महसूस करें।
आईएएनएस से खास बातचीत के दौरान आनंद कुमार ने कहा कि पिछले करीब दो दशक से सुपर 30 के जरिए सीमित संख्या में बच्चों को पढ़ाया जाता रहा है, लेकिन हर साल हजारों-लाखों बच्चे ऐसे भी रह जाते हैं, जो संसाधनों की कमी के कारण अच्छी शिक्षा नहीं ले पाते। इसी सोच के साथ 'सुपर इन्फिनिटी' की शुरुआत की गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंच सके। इसके पीछे सालों की मेहनत है, तब जाकर इसे लॉन्च किया जा सका है।
आनंद कुमार ने बताया कि इस प्लेटफॉर्म पर 12 जून से कंटेंट उपलब्ध होना शुरू हो जाएगा। शुरुआत में इसे हिंदी और अंग्रेजी में लॉन्च किया गया है, लेकिन आने वाले समय में इसे रूसी, कोरियाई, जापानी और चीनी जैसी कई भाषाओं में भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य है कि यह सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के बच्चों तक पहुंचे।
उनका कहना है कि आज के समय में अच्छी शिक्षा के लिए अच्छे शिक्षकों की जरूरत है। इसलिए इस प्लेटफॉर्म के जरिए दुनिया भर के शिक्षक भी जुड़ सकेंगे, ताकि वे सीखकर बच्चों को बेहतर तरीके से पढ़ा सकें।
आनंद कुमार ने यह भी बताया कि 'सुपर इन्फिनिटी' में पढ़ाई को कहानी के रूप में पेश किया जाएगा। जैसे कोई व्यक्ति यात्रा पर जा रहा है, रास्ते में किसी से मिलता है, बातचीत होती है और उसी बातचीत के जरिए गणित का कोई कॉन्सेप्ट समझाया जाता है। इससे बच्चों को पढ़ाई बोरिंग नहीं लगेगी, बल्कि यह एक अनुभव की तरह महसूस होगी।
उनका कहना है कि गणित सिर्फ फार्मूले नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन, संगीत, प्रकृति और पूरे ब्रह्मांड से जुड़ा हुआ है। इसलिए बच्चों को इसे उसी नजरिए से समझना चाहिए। इस नए प्लेटफॉर्म पर धीरे-धीरे कई विदेशी भाषाओं में भी लेक्चर उपलब्ध होंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चे इसका फायदा उठा सकें।
गौरतलब है कि आनंद कुमार पिछले लगभग 30 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उनके सुपर 30 कार्यक्रम ने कई आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को आईआईटी जैसे बड़े संस्थानों तक पहुंचने में मदद की है। उनके इस काम को न सिर्फ भारत में, बल्कि दुनिया भर में सराहा गया है। उनके जीवन पर बनी फिल्म 'सुपर 30' भी काफी लोकप्रिय रही, जिसमें उनकी मेहनत और संघर्ष को दिखाया गया था। इसके अलावा, उन्हें 2023 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया।

