सतना, अंबिका केशरी। मध्य प्रदेश के सतना शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में राजेंद्र नगर इलाके में सड़क पर खेल रहे 3 साल के बच्चे पर स्ट्रीट डॉग ने हमला कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल की शाम राजेंद्र नगर गली नंबर 9 में शादी समारोह के दौरान रीवा से आए परिवार का 3 वर्षीय रोहान घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता वहां पहुंचा और बच्चे पर हमला कर उसके हाथ में काट लिया।
बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद परिजन उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले गए, जहां टिटेनस का इंजेक्शन लगाया गया और बाद में जिला अस्पताल में एंटी-रेबीज वैक्सीन दी गई। फिलहाल बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

