बीना ,बृजपाल सिंह राजपूत। बीना नगर पालिका परिषद में शनिवार को अवकाश के दिन भी हलचल देखने को मिली। दफ्तर बंद रहने के बावजूद कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद रहे और बड़ी संख्या में उपभोक्ता कर जमा करने के लिए पहुंचे। 31 मार्च तक संपत्ति कर, जलकर और अन्य उपभोक्ता प्रभारों पर नेशनल लोक अदालत के तहत छूट मिलने के कारण लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।


दरअसल, शासन के निर्देश पर अधिभार में दी जा रही छूट की अवधि बढ़ाकर 31 मार्च 2026 तक कर दी गई है। इसी के चलते शनिवार को भी नगरपालिका कार्यालय में सुबह से ही लोगों की कतारें लगी रहीं। उपभोक्ता अपने पुराने बकाया कर जमा कर राहत पाने के लिए पहुंच रहे हैं।


मुख्य नगरपालिका अधिकारी राहुल कौरव ने बताया कि शासन के आदेशानुसार नेशनल लोक अदालत की छूट अब 31 मार्च तक लागू रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि जिनके संपत्ति कर, जलकर या अन्य शुल्क बकाया हैं, वे अंतिम तिथि से पहले जमा कर छूट का लाभ अवश्य उठाएं।