मंदसौर,ललित शंकर। शहर की नगर परिषद नगरी और आसपास के क्षेत्रों में उस समय अंधेरा छा गया, जब बिजली विभाग ने बकाया बिल न चुकाने पर नगर परिषद कार्यालय और स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन काट दिया। जानकारी के अनुसार करीब 6 लाख 41 हजार रुपए का बिजली बिल लंबे समय से बकाया था, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। अचानक लाइट बंद होने से नगर परिषद क्षेत्र की सड़कों पर अंधेरा पसर गया और लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर परिषद नगरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) धरमचंद जैन ने बताया कि विभाग से बातचीत जारी थी और दोपहर में नगर परिषद अध्यक्ष सहित अन्य जिम्मेदारों से भी चर्चा हुई थी, लेकिन इसके बावजूद बिजली विभाग ने कनेक्शन काट दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि दो दिनों के भीतर बकाया राशि जमा कर दी जाएगी और संभवतः अगले ही दिन बिजली कनेक्शन फिर से जोड़ दिया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों में इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद जैसी महत्वपूर्ण संस्था की लापरवाही के कारण पूरे क्षेत्र को अंधेरे में डूबना पड़ा, जो कि प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। खासकर रात के समय स्ट्रीट लाइट बंद रहने से सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
वहीं, बिजली विभाग का कहना है कि कई बार नोटिस देने और समय देने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया, जिसके चलते नियमानुसार यह कार्रवाई की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया कि बकाया राशि जमा होते ही कनेक्शन पुनः चालू कर दिया जाएगा।
फिलहाल नगर परिषद प्रशासन जल्द से जल्द स्थिति सुधारने का प्रयास कर रहा है, ताकि आमजन को हो रही असुविधा को खत्म किया जा सके। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कब तक बिजली बहाल होती है और व्यवस्था सामान्य होती है।



