नशे के सौदागरों के खिलाफ मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्कीम बनाकर ले जाई जा रही अवैध शराब का भंडाफोड़

Advertisement
मंदसौर,ललित शंकर धाकड़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंदसौर पुलिस ने हरियाणा से गुजरात ले जाई जा रही अवैध शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी है।
भानपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भैसोदामंडी चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर 8 लेन मार्ग पर नीमधूर टोल चौराहे के पास एक टाटा आयशर ट्रक को रोका गया। जांच के दौरान ट्रक के त्रिपाल में बनाई गई छिपी हुई स्कीम से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।
पुलिस ने ट्रक से 120 पेटियां अवैध शराब, कुल 1036.8 लीटर शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 92 हजार रुपये बताई जा रही है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त ट्रक की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन और वाहन से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
इस कार्रवाई में पुलिस ने हरियाणा निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो हरियाणा से गुजरात अवैध शराब की सप्लाई करने जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
