छतरपुर,विनोद मिश्रा। जिला अस्पताल में एक बार फिर दलाली का मामला सामने आया है, जहां प्राइवेट एंबुलेंस चालक और उनके दलाल सक्रिय होकर मरीजों और उनके परिजनों को गुमराह कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में ही दलाल मरीजों को जबरन दूसरे अस्पतालों में ले जाने का दबाव बना रहे हैं, जिससे मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हाल ही में एक गंभीर रूप से घायल मरीज के मामले में यह स्थिति देखने को मिली। मरीज का इलाज जिला अस्पताल में ही संभव था, लेकिन प्राइवेट एंबुलेंस चालकों के दलाल उसे अत्यधिक गंभीर बताकर रेफर कराने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान मरीज के परिजनों को बार-बार प्राइवेट एंबुलेंस के मोबाइल नंबर दिए गए और उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए डराया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही डॉक्टर रवि सोनी मौके पर पहुंचे और मरीज की जांच कर बताया कि उसकी हालत स्थिर है और इलाज यहीं संभव है। उन्होंने तत्काल दलालों द्वारा दिए जा रहे मोबाइल नंबर और एंबुलेंस चालकों के संपर्क कार्ड जब्त कर लिए और पूरे मामले की शिकायत सिविल सर्जन से की।
सूत्रों के अनुसार, इस तरह के दो से तीन मामले हाल ही में सामने आ चुके हैं, जिससे अस्पताल की व्यवस्था और छवि दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर क्या कार्रवाई करता है।

