छतरपुर के अनोखे ट्रैफिक पार्क का भ्रमण करने पहुंचे स्कूली बच्चे, जाने यातायात के नियम

Advertisement
छतरपुर। थाना यातायात परिसर, छतरपुर में यातायात जागरूकता के उद्देश्य से नवनिर्मित ट्रैफिक पार्क के लोकार्पण के अगले ही दिन शहर के स्कूलों के छात्र-छात्राओं का भ्रमण शुरू हो गया है। आज 'बचपन प्ले स्कूल' के नन्हे-मुन्ने छात्र यातायात पार्क पहुँचे, जिन्हें यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत ने खेल-खेल में यातायात नियमों की जानकारी दी।
नवनिर्मित ट्रैफिक पार्क में जन सामान्य, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं को यातायात नियमों की व्यावहारिक जानकारी देने हेतु यातायात संकेतक, सिग्नल लाइट, बस स्टैंड, स्कूल, रेलवे स्टेशन, अस्पताल, रोड क्रॉस, डू नॉट क्रॉस, ज़ेबरा क्रॉसिंग, फुटपाथ, रोड सेफ्टी, स्पीड लिमिट, टर्निंग, संकरी सड़क, पुलिया एवं गलियों से संबंधित मॉडल, बोर्ड एवं बैनर प्रदर्शित किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, ट्रैफिक पार्क में चित्रकारों द्वारा बनाई गई आकर्षक चित्रकारी के माध्यम से हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने, मोबाइल फोन पर बात न करने और गलत तरीके से ओवरटेकिंग न करने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़े।
वेस्ट टू बेस्ट अभियान का अनूठा उदाहरण 'वेस्ट टू बेस्ट' अभियान के अंतर्गत कबाड़ की वस्तुओं का उपयोग कर पार्क में दोपहिया वाहन, साइलेंसर गेट आदि आकर्षक संरचनाओं का निर्माण भी किया गया है। ट्रैफिक पार्क भ्रमण करने आए स्कूली बच्चों में इस दौरान काफी उत्साह देखा गया।
