भोपाल, जीतेन्द्र यादव। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पद की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रथ को लेकर उत्पन्न विवाद के विरोध में कांग्रेस ने रोशनपुरा चौराहे पर "लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह" आयोजित किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, मीनाक्षी नटराजन, महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।


सत्याग्रह के दौरान कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी का चित्र स्थापित कर चरखा चलाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक अधिकारों को बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है और यह लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है।


इस अवसर पर मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। वहीं, दिग्विजय सिंह ने भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की घटनाएं जारी रहीं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।