सागर, जीशान खान। मध्य प्रदेश के सागर जिले अंतर्गत बंडा विकासखंड की ग्राम पंचायत बरा में सरपंच प्रतिनिधि के साथ सरेराह मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक एक व्यक्ति को सड़क पर घेरकर बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित की पहचान बरा पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी के रूप में हुई है।


रास्ते में रोककर की मारपीट, कपड़े फटे और आई गंभीर चोटें

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम लक्ष्मण सिंह अपने घर से गांव की ओर जा रहे थे। तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और कहासुनी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। हमले में लक्ष्मण सिंह के कपड़े फट गए और उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद उन्हें छुड़ाया गया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।


बिजली समस्या पर आवाज उठाने को लेकर हमले का आरोप

घायल सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह ने आरोप लगाया है कि गांव में व्याप्त बिजली संकट और अनियमितताओं को लेकर उन्होंने आवाज उठाई थी और सोशल मीडिया पर भी मुद्दा उठाया था। इसी बात से नाराज होकर कुछ लोगों ने उन्हें बिजली मामलों में दखल न देने की धमकी दी और उन पर हमला कर दिया। लक्ष्मण सिंह ने इस मारपीट में बिजली वितरण कंपनी से जुड़े कुछ आउटसोर्स कर्मचारियों के शामिल होने का भी गंभीर आरोप लगाया है।


पूर्व विधायक पहुंचे अस्पताल, निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी अस्पताल पहुंचे और घायल लक्ष्मण सिंह का हालचाल जाना। उन्होंने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित और बिजली समस्या की आवाज उठाने वाले जनप्रतिनिधि पर इस तरह का हमला निंदनीय है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मारपीट करने वाले सभी आरोपियों और संलिप्त कर्मचारियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


बरा चौकी में शिकायत दर्ज, वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

घटना की लिखित शिकायत बरा पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने वायरल सीसीटीवी/मोबाइल वीडियो फुटेज और शिकायत में दर्ज बिंदुओं के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिख रहे संदिग्धों की शिनाख्त की जा रही है और जांच के उपरांत दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।