अजयगढ़ (मोहम्मद मुस्तकीम)। अजयगढ़ क्षेत्र में हुए दर्दनाक कुआं हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी एवं सरपंच पति संतोष पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गुरुवार को अजयगढ़ थाना पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद शुक्रवार को उसे जेएमएफसी न्यायालय पन्ना में पेश किया जाएगा।

गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बातचीत में आरोपी संतोष पटेल ने स्वयं को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसे झूठा फंसाया जा रहा है। उसने दावा किया कि जिस कुएं की खुदाई कराई जा रही थी, उसकी जानकारी जनपद पंचायत के संबंधित अधिकारियों को पहले से थी। गौरतलब है कि हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला था और परिजनों व ग्रामीणों के हंगामे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

उल्लेखनीय है कि कुएं की खुदाई के दौरान हुए हादसे में पांच मजदूरों की मौत हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई थी।

मातम के बीच बिगड़ी लोगों की तबीयत

वहीं हादसे से जुड़े पीड़ित परिवारों के कई सदस्यों की तबीयत भी बिगड़ गई है। जानकारी के अनुसार दर्जनों लोग, जिनमें अधिकांश महिलाएं शामिल हैं, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत के बाद बीमार पड़ गए। सभी को अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

डॉक्टरों के अनुसार भीषण गर्मी, मानसिक तनाव और हादसे से उत्पन्न गहरे सदमे के कारण लोगों की तबीयत प्रभावित हुई है। अस्पताल प्रशासन ने सभी मरीजों की स्थिति पर नजर बनाए रखी है। क्षेत्र में अभी भी गम और मातम का माहौल बना हुआ है तथा प्रशासन पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का दावा कर रहा है।