छतरपुर,संदीप यादव। जिला मुख्यालय पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा में आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक शातिर लुटेरे ने बैंक के भीतर ही एक बुजुर्ग कर्मचारी से हजारों रुपए छीनकर भागने का दुस्साहस किया। हालांकि, आरोपी की यह कोशिश नाकाम रही और मौके पर मौजूद बैंक गार्ड व जागरूक नागरिकों ने दिलेरी दिखाते हुए उसे धर दबोचा। बाद में आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।


जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बसारी दरवाजा निवासी लल्लूराम वाल्मीकि, जो पशुपालन विभाग में स्वीपर के पद पर कार्यरत हैं, सोमवार सुबह करीब 11 बजे व्यक्तिगत कार्य से एसबीआई की मुख्य शाखा पहुँचे थे। उन्होंने अपने खाते से 49 हजार रुपए की नकदी निकाली और वहीं काउंटर के पास खड़े होकर रुपए गिनने लगे। इसी दौरान वहां पहले से घात लगाए बैठे एक युवक ने अचानक उनके हाथ से करीब 5000 रुपए के नोट छीन लिए और मुख्य द्वार की ओर भागने लगा।


बुजुर्ग लल्लूराम के शोर मचाने पर बैंक में तैनात गार्ड और वहां मौजूद अन्य ग्राहकों ने तुरंत सक्रियता दिखाई। आरोपी बैंक के बाहर निकल पाता, उससे पहले ही लोगों ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुँची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शब्बीर बताया है, जो मूल रूप से भोपाल का रहने वाला है।