श्योपुर,उत्तम सिंह। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव के पास महिलाओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 4 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गईं। सभी लोग घूघस गांव से पार्वती बड़ौदा ‘भात’ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि ट्रॉली में करीब 30-32 लोग सवार थे। जैसे ही वाहन बांधपुरा मोड़ के पास पहुंचा, अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि इस दुखद घटना से वे अत्यंत व्यथित हैं और ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और राहत कार्य जारी है।

