बैतूल/चिचोली, सुरेन्द्र बावने। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जन्मभूमि बड़नगर से कर्मभूमि वाराणसी तक निकाली जा रही जल जन सेवा संकल्प बाइक यात्रा शनिवार को चिचोली पहुंची। करीब 35 से 40 युवाओं की टीम लगभग 27 बाइकों के साथ यात्रा कर रही है। यात्रा के साथ प्रशासनिक अमला भी मौजूद है।
हरदा जिले से होते हुए यात्रा चिचोली के चिरापाटला पहुंची, जहां मंडल अध्यक्ष राजेंद्र यादव, सरपंच रामपाल भलावी, उपसरपंच सिमरन, मोहित आर्य सहित ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद यात्रा चिचोली नगर पहुंची, जहां नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. वर्षा रितेश मालवीय, उपाध्यक्ष वर्षा संजय आवलेकर, वरिष्ठ भाजपा नेता कमलेश सिंह, कांतिलाल यादव, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र यादव, अमन आवलेकर, अमन पटेल, बाली मालवीय, उमेश पेठे सहित जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने माला पहनाकर और फूल बरसाकर स्वागत किया।
यह भी पढि़ए: लगातार बारिश से छतरपुर में नदी-नाले उफान पर, कई मार्ग बंद:उर्मिल नदी का पानी पुल के ऊपर आया, नौगांव-कुलपहाड़ मार्ग पर आवागमन रोका; रनगुवां बांध के 7 गेट खुले, स्कूलों में अवकाश
ढोल-ढमाकों और आतिशबाजी के साथ यात्रा बस स्टैंड स्थित मंगल भवन पहुंची। यहां शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर आमजन को मिल रहा है या नहीं, इस संबंध में हितग्राहियों से चर्चा की गई। नगरवासी अजय कुठारे ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का लाभ मिला है। ज्योति आनंद आर्य ने बताया कि उन्हें आवास योजना और लाड़ली बहना योजना का लाभ मिला है। हितग्राही सुनील साठे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी दीर्घायु की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान कांतिलाल यादव ने जल जन सेवा संकल्प बाइक यात्रा के उद्देश्य एवं अब तक के सफर की जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर एवं क्षेत्र के नागरिक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।











