पलेरा,सोनू विश्वकर्मा। जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से पलेरा तहसील के जनपद सभाकक्ष में विशेष राजस्व रिकॉर्ड सुधार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने स्वयं उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया। इस दौरान एसडीएम जतारा संजय कुमार दुबे एवं तहसीलदार कुलदीप सिंह ठाकुर सहित राजस्व विभाग का पूरा अमला मौजूद रहा।


शिविर की खास बात यह रही कि कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार के न्यायालय एक ही स्थान पर लगाए गए, जिससे विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई एक साथ संभव हो सकी। भूमि अभिलेख सुधार, नामांतरण, बंटवारा समेत कुल 202 प्रकरणों का एक ही दिन में निराकरण किया गया। वर्षों से लंबित मामलों के निपटारे से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली और उन्होंने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


शिविर के दौरान जटिल मामलों का भी समाधान किया गया। बसतगुंवा निवासी गोपालकृष्ण यादव के खसरे में नाम सुधार, घूराखास एवं गंधर्वगंज के आवेदकों की हिस्साकसी में संशोधन तथा टौरी निवासी जसोदा अहिरवार की पेंशन समस्या का समाधान मौके पर किया गया। साथ ही राशन पर्ची में नाम जोड़ने जैसे अन्य जनहित के कार्य भी तत्काल निपटाए गए।


कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व अमले ने सक्रियता दिखाते हुए तकनीकी त्रुटियों को दूर किया, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उल्लेखनीय है कि जिले की विभिन्न तहसीलों में आयोजित ऐसे शिविरों के माध्यम से अब तक कुल 774 लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है।


कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने कहा कि सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का पूर्ण निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पहल से क्षेत्र में प्रशासन के प्रति विश्वास और संतोष का माहौल देखने को मिला।