भोपाल में साइको हमलवार ने 3 लड़कियों को मार चाकू फैली दैहशत

Advertisement
भोपाल। राजधानी भोपाल के पिपलानी और अयोध्या नगर थाना क्षेत्रों में गुरुवार रात एक सिरफिरे बाइक सवार ने सनसनी फैला दी। महज 45 मिनट के भीतर इस साइको प्रवृत्ति के हमलावर ने अलग-अलग स्थानों पर तीन छात्राओं को अपना निशाना बनाया। आरोपी का पैटर्न हर बार एक जैसा रहा— पहले छात्राओं का पीछा कर उन पर अभद्र टिप्पणियां करना और फिर अचानक चाकू या किसी नुकीली चीज से वार कर फरार हो जाना।
वारदात की शुरुआत रात करीब 10:15 बजे पिपलानी के सोनागिरी सेक्टर-ए से हुई। यहाँ एक 21 वर्षीय छात्रा पर आरोपी ने पहले कमेंट किए और फिर उसकी कमर पर नुकीली चीज से हमला कर दिया। इसके ठीक 15 मिनट बाद उसी इलाके में एक 18 वर्षीय छात्रा पर हमला हुआ, जिसमें उसके पैर में गहरी चोट आई। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने भागने के बजाय दोबारा लौटकर उस पर हमला करने की कोशिश की। तीसरी वारदात रात 11 बजे अयोध्या नगर के नरेला जोड़ पर हुई, जहाँ एक कॉलेज छात्रा के चेहरे पर चाकू से वार किया गया।
तीनों घटनाओं में एक बात समान रही— जहाँ वारदातें हुईं, वहाँ लंबे समय से स्ट्रीट लाइट बंद थी। इसी अंधेरे का लाभ उठाकर चेहरा ढका हुआ आरोपी बिना नंबर की बाइक से आया और वारदातों को अंजाम देकर ओझल हो गया। एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी (जोन-2) के मुताबिक, आरोपी की प्रवृत्ति 'साइको' प्रतीत हो रही है क्योंकि वह लूटपाट के इरादे से नहीं, बल्कि केवल नुकसान पहुँचाने और दहशत फैलाने के लिए हमला कर रहा था।
घटना के बाद से पूरे शहर में हाई अलर्ट है। पुलिस कमिश्नर ने आरोपी की सूचना देने वाले के लिए 20,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संदिग्ध रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की बाइक और उसके भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
महज आधे घंटे के भीतर एक ही शख्स द्वारा तीन युवतियों को टारगेट करने की घटना ने भोपाल में असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। परिजनों में भारी रोष है कि अंधेरे इलाकों में पुलिस की गश्त और बुनियादी सुविधाओं (स्ट्रीट लाइट) की कमी का खामियाजा बेटियों को भुगतना पड़ रहा है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि आरोपी के हुलिए और बाइक के आधार पर उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
