ग्वालियर: शासकीय कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य आदर्श पंडित पर महिला शिक्षिका के साथ मारपीट और यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा है। घटना सोमवार दोपहर कॉलेज परिसर में हुई, जिसमें शिक्षिका को मुंह, सीने और प्राइवेट पार्ट्स पर मुक्के मारे गए। बाल खींचे गए और कपड़े फाड़ने की कोशिश की गई। दर्द से तड़पती शिक्षिका लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गईं।

रोते हुए बोलीं शिक्षिका

घटना के बाद जारी वीडियो में शिक्षिका रोती हुई नजर आ रही हैं। उनके मुंह से खून बह रहा है और वह घायल अवस्था में जमीन पर बैठी हुई दिख रही हैं। शिक्षिका ने बताया कि उन्होंने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें थाने ले गई।

ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर विवाद

शिक्षिका ने SP कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उनके अनुसार, पूरा विवाद ऑनलाइन अटेंडेंस लगाने को लेकर शुरू हुआ। शासन के निर्देश के मुताबिक वे ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रही थीं, लेकिन प्रभारी प्राचार्य रजिस्टर में अटेंडेंस लिखवाने का दबाव बना रहे थे।

शिक्षिका मुरैना जिले की माध्यमिक शिक्षिका हैं। एमएड प्रशिक्षण के लिए उन्होंने कोर्ट का रुख किया था। कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें कॉलेज में प्रशिक्षण की अनुमति मिली, जिससे प्राचार्य नाराज थे। शिक्षिका का आरोप है कि कोर्ट आदेश के बाद भी उनके साथ भेदभाव किया गया और दबाव बनाया गया।

प्राचार्य पर पहले भी मामले

शिक्षिका ने आरोप लगाया कि प्रभारी प्राचार्य आदर्श पंडित ने अपशब्द कहे, धमकाया और फिर लातों-मुक्कों से हमला बोल दिया। उन्होंने बताया कि प्राचार्य पर महिला उत्पीड़न के अन्य मामले पहले से लंबित हैं।

मंगलवार शाम शिक्षिका अपने पति के साथ SP कार्यालय पहुंचीं और पूर्ण निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना है कि थाने में केवल साधारण मारपीट का मामला दर्ज किया गया, जबकि घटना में महिला सम्मान का सवाल भी जुड़ा है।

प्राचार्य फोन बंद, पुलिस बोली- जांच चल रही है

दैनिक भास्कर की टीम ने प्रभारी प्राचार्य आदर्श पंडित से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की, लेकिन शिकायत दर्ज होने के बाद उनका फोन लगातार बंद आ रहा है।

CSP नागेंद्र सिंह सिकरवार ने कहा, “शिकायत के सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।”