कटनी, प्रवीण तिवारी। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ निवार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से करीब 3 क्विंटल महुआ लाहन भी नष्ट कराया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को ग्राम ठरका डेम के किनारे बिचपुरा, शाहपुर और लालपुर क्षेत्र में अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान बिचपुरा निवासी सरमन उर्फ किरा लूनिया के ठिकाने से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की गई।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में की गई। माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शीलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में चौकी प्रभारी निवार अंजनी कुमार मिश्रा और पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।


पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए अवैध शराब एवं मादक पदार्थों का कारोबार करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। कार्रवाई में एएसआई राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक अंकित दुबे, संतोष प्रजापति, आरक्षक बकील यादव, अरविंद कुशवाहा सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।