मंदसौर,ललित शंकर धाकड़। जिले के दुधाखेड़ी गांव में प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या के मामले के बाद चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई विवादों में आ गई। धरना दे रहे ग्रामीणों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग और मारपीट का मामला सामने आया है। इसी दौरान एक एएसआई द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।


वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने एएसआई सुनील सिंह तोमर को लाइन हाजिर कर दिया।


बताया जा रहा है कि ग्रामीण हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे, तभी पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। इस दौरान पुलिस ने सख्ती दिखाई, जिससे मामला और बढ़ गया।


फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। वहीं वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।