हाई प्रोफाइल जुआ फड़ पर पुलिस का छापा, सरगना सहित 15 जुआरी गिरफ्तार

Advertisement
अजयगढ़ (मोहम्मद मुस्तकीन )। पन्ना जिले की पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के सख्त निर्देशन में अजयगढ़ थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर और धरमपुर थाना प्रभारी अनिल सिंह राजपूत ने संयुक्त पुलिस बल के साथ गोहलोद पुरवा गांव में संचालित एक हाई प्रोफाइल जुआ फड़ पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में ताश के पत्तों पर दांव लगाते 15 हाई प्रोफाइल जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मौके से लाखों रुपये नगद कैश, कई लग्जरी गाड़ियां और दर्जनों मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पकड़े गए जुआरियों में आसपास के जिलों के अलावा बॉर्डर से लगे दूसरे राज्यों के लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। खास बात यह है कि गिरफ्तार जुआरियों में छतरपुर जिले का नामचीन जुआरी, जो जुआरियों का सरगना माना जाता है, भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है।
पुलिस के अनुसार, यह जुआ फड़ लंबे समय से गुप्त रूप से संचालित हो रहा था, जहां बड़े-बड़े दांव लगाए जाते थे। इस छापेमारी से जुआ और सट्टा संचालित करने वाले अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस की लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जगी है। कुछ दिन पहले ही अजयगढ़ थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर ने पशु तस्करी के एक बड़े गिरोह को पकड़कर बड़ी सफलता दर्ज की थी।
