छतरपुर, रोहित पाठक। विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सघन जांच अभियान चलाया। खजुराहो एसडीओपी और बमीठा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धाम क्षेत्र के होटल, लॉज और ढाबों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने होटल और लॉज के कमरों की गहन तलाशी ली तथा ठहरे हुए आगंतुकों के पहचान पत्र, होटल रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच की। संचालकों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक आगंतुक का वैध पहचान पत्र दर्ज करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
बमीठा थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे द्वारा जारी 10-सूत्रीय निर्देशों के तहत बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी कर्मचारी को नियुक्त नहीं करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा रिसेप्शन, लॉबी और पार्किंग क्षेत्र को कवर करने वाले सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू और व्यवस्थित रखने, मास्क या हेलमेट हटाकर चेहरे की पहचान सुनिश्चित करने तथा सभी आवश्यक व्यावसायिक लाइसेंस प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बागेश्वर धाम क्षेत्र में इस तरह की जांच और निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। यदि किसी होटल, लॉज, ढाबे या अन्य प्रतिष्ठान में सुरक्षा संबंधी नियमों का उल्लंघन या किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और धाम क्षेत्र में कानून व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ बनाए रखना है।




