छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग से जुड़े एक पंप अटेंडेंट को 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आवेदक सौरभ मिश्रा (38) निवासी ग्राम अंबाड़ा, तहसील परासिया ने विभाग में निर्माण कार्य का ठेका लिया था। कार्य का लगभग 30 प्रतिशत पूरा होने के बाद उसके खाते में 4 लाख 11 हजार 665 रुपये की राशि जारी की गई थी।


आरोप है कि इसके बाद विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 संदीप गजभिये ने 6 प्रतिशत कमीशन के हिसाब से करीब 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। सत्यापन के दौरान गजभिये ने आवेदक को पंप अटेंडेंट दर्पण मिश्रा से संपर्क करने के लिए कहा। दोनों के बीच बातचीत के बाद 14 हजार रुपये में सौदा तय हुआ, जिसके बाद आवेदक ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई।


शिकायत की पुष्टि होने पर 21 अप्रैल 2026 को लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही दर्पण मिश्रा ने चाय की दुकान पर आवेदक से 14 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी मुंह छुपाता हुआ नजर आया। इस मामले में सहायक ग्रेड-3 संदीप गजभिये की भूमिका भी जांच के दायरे में है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूरी कार्रवाई लोकायुक्त जबलपुर के डीएसपी स्तर के अधिकारियों के निर्देशन में संपन्न हुई।