मंदसौर,ललित शंकर यादव। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक पालतू कुत्ते ने 13 वर्षीय नाबालिग बच्चे पर अचानक हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना शहर की जमींदार कॉलोनी की बताई जा रही है, जहां बच्चा अपने घर के पास ही मौजूद था।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलोनी में घूम रहा कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया और बिना किसी उकसावे के बच्चे पर झपट पड़ा। हमले के दौरान कुत्ते ने बच्चे के शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह काट लिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।


घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन और स्थानीय लोगों ने घायल बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज शुरू किया।


चिकित्सकों के मुताबिक बच्चे के शरीर पर कई गहरे घाव हैं और उसे एंटी-रेबीज इंजेक्शन सहित आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।