छतरपुर,लोकेन्द्र सिंह। जिले के छतरपुर अंतर्गत थाना भगवां क्षेत्र के ग्राम कुसाई में एक 55 वर्षीय व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में मिला, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाए हैं, जिससे मामला गंभीर हो गया है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बुड्ढा रैकवार पिता खइया रैकवार निवासी ग्राम कुसाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने घर में अचेत अवस्था में मिले। उनकी पत्नी जब बकरी चराकर घर लौटीं तो उन्होंने पति को बेहोश पाया और तत्काल परिजनों को सूचना दी।
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ामलहरा ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए कुछ लोगों पर संदेह व्यक्त किया है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ामलहरा में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

